भारतीय रेलवे ने शुक्रवार को SwaRail नामक नया सुपरऐप लॉन्च किया है। यह ऐप यात्रियों को रेलवे से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के लिए डिजाइन किया गया है। आरक्षित टिकट बुकिंग, पीएनआर स्थिति जांच, ट्रेनों में भोजन ऑर्डर करने से लेकर शिकायत दर्ज कराने तक की सभी सुविधाएं अब एक ही ऐप में मिलेंगी।
फिलहाल Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर बीटा वर्जन में उपलब्ध इस ऐप का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा को बढ़ाना और रेलवे से जुड़ी कई अलग-अलग ऐप्स को हटाकर एकीकृत समाधान प्रदान करना है।
SwaRail सुपरऐप की खासियतें
इस सुपरऐप को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) द्वारा विकसित किया गया है। भारतीय रेलवे के मुताबिक, SwaRail सुपरऐप सभी मौजूदा रेलवे ऐप्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाकर यात्रियों को सुविधाजनक अनुभव प्रदान करेगा। इसके मुख्य फीचर्स इस प्रकार हैं:
- आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग: अब टिकट बुक करने के लिए अलग-अलग ऐप्स की जरूरत नहीं होगी।
- पीएनआर और ट्रेन स्टेटस ट्रैकिंग: यात्रियों को पीएनआर स्थिति के साथ ही ट्रेन से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी भी मिलेगी।
- भोजन ऑर्डर करने की सुविधा: सफर के दौरान यात्री सीधे इस ऐप से फूड ऑर्डर कर सकते हैं।
- रेल माल एवं पार्सल डिलीवरी जांच: व्यापारियों और आम यात्रियों को रेलवे से जुड़े मालवाहन और पार्सल डिलीवरी की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
- ‘रेल मदद’ सुविधा: किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के समाधान के लिए इस ऐप से रेलवे अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।
- सिंगल साइन-ऑन फीचर: RailConnect और UTS मोबाइल ऐप्स के मौजूदा क्रेडेंशियल्स से लॉगिन किया जा सकता है।
- मल्टीपल लॉगिन ऑप्शन: m-PIN और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन जैसी सुविधाओं के साथ सुरक्षित लॉगिन सिस्टम।
SwaRail सुपरऐप से क्या बदलेगा?
अब तक भारतीय रेलवे यात्रियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप्स उपलब्ध कराता था, जैसे कि IRCTC RailConnect टिकट बुकिंग के लिए और UTS मोबाइल ऐप अनारक्षित टिकट बुकिंग के लिए। लेकिन अब SwaRail इन सभी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाकर यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, SwaRail के जरिए पीएनआर पूछताछ करने पर सिर्फ टिकट की स्थिति ही नहीं बल्कि ट्रेन से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलेगी।
फिलहाल बीटा वर्जन में उपलब्ध, जल्द होगा सार्वजनिक लॉन्च
यह ऐप फिलहाल बीटा वर्जन में Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। उपयोगकर्ता अपनी प्रतिक्रियाएं और सुझाव भेज सकते हैं, जिससे इसे और बेहतर बनाया जाएगा। रेलवे मंत्रालय इस ऐप का विस्तृत परीक्षण करने के बाद इसे आधिकारिक रूप से सभी यात्रियों के लिए लॉन्च करेगा।



