भारत में हर साल 15 जनवरी को थल सेना दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारतीय सेना की वीरता, साहस और समर्पण को नमन करने का अवसर है। इस दिन को फील्ड मार्शल के. एम. करिअप्पा के भारतीय सेना के शीर्ष कमांडर का पदभार ग्रहण करने की स्मृति में मनाया जाता है।
15 जनवरी 1949 को करिअप्पा ने जनरल रॉय फ्रांसिस बुचर से सेना का नेतृत्व संभालकर भारतीय सेना को पूरी तरह भारतीय नेतृत्व प्रदान किया था।
सेना दिवस का महत्व
सेना दिवस न केवल भारत के गौरवशाली सैन्य इतिहास का प्रतीक है, बल्कि यह हमारे सैनिकों के अद्वितीय बलिदान और देशभक्ति को सम्मानित करने का अवसर भी है।
इस दिन नई दिल्ली और सभी सैन्य मुख्यालयों में परेड, सैन्य प्रदर्शनियां और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों में भारतीय सेना की मुख्य उपलब्धियों और शक्ति का प्रदर्शन किया जाता है।
इसके अलावा, उन सभी सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाती है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
थल सेना दिवस का इतिहास
15 अगस्त 1947 को देश स्वतंत्र हुआ, लेकिन सेना के शीर्ष पद पर ब्रिटिश अधिकारियों का अधिकार बना रहा। स्वतंत्रता के बाद भी, भारतीय सेना के अध्यक्ष ब्रिटिश मूल के थे।
15 जनवरी 1949 को पहली बार भारतीय मूल के फील्ड मार्शल के. एम. करिअप्पा ने यह पदभार संभाला और स्वतंत्र भारत के पहले सेना प्रमुख बने। यही कारण है कि इस दिन को सेना दिवस के रूप में मनाया जाता है।
फील्ड मार्शल करिअप्पा को भारतीय सेना के पहले फील्ड मार्शल का सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने 1947 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना का नेतृत्व कर देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उस समय भारतीय सेना में लगभग दो लाख सैनिक थे, जो आज लाखों की संख्या में बदलकर विश्व की सबसे बड़ी सेनाओं में शामिल हो चुकी है।
आधुनिक युग में सेना दिवस का महत्व
आज के समय में भारतीय सेना न केवल देश की सीमाओं की रक्षा करती है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं, आतंरिक सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शांति अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
सेना दिवस के अवसर पर विभिन्न सैन्य प्रदर्शनों और कार्यक्रमों के माध्यम से यह दर्शाया जाता है कि भारतीय सेना किस प्रकार देश की सेवा कर रही है।
श्रद्धांजलि और सम्मान
सेना दिवस के दिन उन बहादुर सैनिकों को सलामी दी जाती है जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। यह दिन हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है।
थल सेना दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारतीय सेना की अदम्य साहस और बलिदान की गाथा का प्रतीक है। यह हमें याद दिलाता है कि हमारी स्वतंत्रता और सुरक्षा के पीछे सैनिकों का कठिन परिश्रम और बलिदान छिपा है।
सेना दिवस हमें प्रेरित करता है कि हम भी अपने-अपने क्षेत्रों में उतनी ही निष्ठा और समर्पण के साथ काम करें जितना हमारे सैनिक करते हैं।