सनातन धर्म में एकादशी व्रत का विशेष स्थान है, लेकिन आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी, जिसे देवशयनी एकादशी कहा जाता है, अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस दिन से भगवान विष्णु क्षीर सागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और चार महीने तक विश्राम करते हैं, जिसे चातुर्मास कहते हैं।
इस अवधि में विवाह, गृहप्रवेश, मुंडन, यज्ञोपवित आदि मांगलिक कार्य वर्जित माने जाते हैं।
इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। कहा जाता है कि जो भक्त इस दिन उपवास करता है, वह सभी पापों से मुक्त होकर विष्णु लोक को प्राप्त करता है।
देवशयनी एकादशी 2025: तिथि और शुभ मुहूर्त
- एकादशी तिथि प्रारंभ: 5 जुलाई 2025, शनिवार – शाम 6:58 बजे से
- एकादशी तिथि समाप्त: 6 जुलाई 2025, रविवार – रात 9:14 बजे तक
- व्रत रखने की तिथि: 6 जुलाई 2025 (रविवार)
व्रत पारण मुहूर्त (7 जुलाई 2025, सोमवार)
व्रत का पारण द्वादशी तिथि को किया जाता है। इस बार व्रत का पारण:
पारण मुहूर्त: सुबह 5:29 बजे से 8:16 बजे तक
इस अवधि में व्रत तोड़ना शुभ माना गया है।
देवशयनी एकादशी व्रत विधि
- प्रातःकाल स्नान करके व्रत और पूजा का संकल्प लें।
- भगवान विष्णु की मूर्ति या चित्र पर गंगाजल छिड़कें।
- पीले पुष्प, तुलसी दल, धूप, दीप, नैवेद्य अर्पित करें।
- विष्णु सहस्त्रनाम या विष्णु स्तुति का पाठ करें।
- व्रत रखकर केवल फलाहार करें और रात्रि जागरण करें।
- अगले दिन पारण मुहूर्त में व्रत खोलें।
देवशयनी एकादशी पर रखें ये सावधानियां
- तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ें।
- काले वस्त्र न पहनें।
- घर की सफाई अवश्य करें।
- झूठ, द्वेष, कलह से बचें।
- सात्विक आहार ग्रहण करें और ब्रह्मचर्य का पालन करें।
क्यों सोते हैं भगवान विष्णु?
देवशयनी एकादशी के दिन से भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। यह समय प्राकृतिक रूप से ऊर्जा और तेज में गिरावट का होता है। ‘हरि’ और ‘देव’ शब्द का अर्थ है “तेज तत्व”, और जब यह तेज मंद होता है, तो शुभ शक्तियों की सक्रियता भी कम हो जाती है। इसलिए इन महीनों में शुभ कार्यों से बचा जाता है।
चातुर्मास के चार महीने (आषाढ़ शुक्ल एकादशी से कार्तिक शुक्ल एकादशी तक) आत्मशुद्धि, साधना, तपस्या और संयम का समय होता है।
देवशयनी एकादशी का पुण्यफल
जो व्यक्ति इस व्रत को विधिपूर्वक करता है, वह:
- पापों से मुक्त होता है
- वैकुण्ठधाम को प्राप्त करता है
- चार्तुर्मास के नियमों का पालन करके आत्मिक बल प्राप्त करता है
- घर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करता है